सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिले के मछरेहटा और संदना थाना क्षेत्र के अंतर्गत सियार के हमले में एक बच्ची सहित छह ग्रामीण घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह निमंतापुर निवासी 5 वर्षीय आकांक्षा पर रास्ते में सियार ने हमला किया। इसके अतिरिक्त खेतों की ओर गए पांच अन्य ग्रामीण अनिल कुमार, शिवम, हरद्वारी, राकेश और मीरा भी घायल हुए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जानवर ने मवेशियों पर भी झपटने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पदचिह्नों और परिस्थितियों का निरीक्षण किया। वन अधिकारियों के अनुसार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, जबकि ग्रामीणों ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने का अनुरोध किया है।


0 टिप्पणियाँ